🟥 जब ठगों ने SP को ही चुन लिया! YONO SBI के नाम पर जामताड़ा एसपी से ठगी की कोशिश, खुद फंस गए शातिर
📰 जामताड़ा… वही जिला जो साइबर ठगी का “हब” माना जाता है। लेकिन इस बार ठगों ने ऐसा शिकार चुना कि खुद ही जाल में उलझ गए। साइबर अपराधियों की हिम्मत इतनी बढ़ गई कि उन्होंने सीधे जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता को ही फोन कर डाला।
कॉलर ने खुद को बैंक कर्मी बताते हुए YONO SBI ऐप में तकनीकी खराबी का बहाना बनाया और ऐप चालू कराने के नाम पर ठगी की कोशिश की। लेकिन किस्मत खराब थी—कॉल जिस नंबर पर गया, वह पुलिस कप्तान का था। एसपी ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत मामले को पकड़ लिया और साइबर थाना को अलर्ट कर दिया।
यह घटना बताती है कि साइबर अपराधियों का नेटवर्क कितना बेखौफ हो चुका है, जो अब आम आदमी ही नहीं, पुलिस अफसरों को भी निशाना बना रहा है। लेकिन इस बार “पर्दाफाश” हो गया—और ठगी की स्क्रिप्ट उलटी पड़ गई।
🟥 YONO SBI ठगी गैंग धराया! बॉस झुंड से चार साइबर अपराधी गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
📰 एसपी से ठगी की कोशिश के बाद पुलिस हरकत में आई और एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के लखनुडीह पेट्रोल रोड स्थित बॉस झुंड के पास घेराबंदी कर चार साइबर अपराधियों को रंगेहाथ दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में इब्राहिम अंसारी (ग्राम पांडेडीह, गिरिडीह), हुसैन अंसारी (26 वर्ष), शाकिर अंसारी उर्फ लालू और सिराज अंसारी शामिल हैं। पूछताछ में सभी ने स्वीकार किया कि वे YONO SBI ऐप चालू कराने के नाम पर लोगों को ठगते थे।
एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि नारायणपुर और कर्माटांड़ थाना क्षेत्र से सक्रिय यह गिरोह नई तकनीक से देशभर में लोगों को शिकार बना रहा था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और संबंधित बैंक को भी जानकारी दी जाएगी।
एसपी ने जनता को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी अनजान कॉल पर भेजे गए लिंक या ऐप फाइल को न खोलें, वरना बैंक खाता मिनटों में खाली हो सकता है।


