पर्दाफाश: स्कूल की ईंटों में घुल रही थी रिश्वत! गया में 50 हजार लेते BDO रंगेहाथ गिरफ्तार
गया में विकास की नींव ईंट-सीमेंट से नहीं, बल्कि रिश्वत की रकम से रखी जा रही थी। मगर इस बार खेल उल्टा पड़ गया। नगर प्रखंड के BDO साहब को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए निगरानी विभाग ने रंगेहाथ दबोच लिया।
मामला 15वीं वित्त आयोग की राशि से स्कूल भवन निर्माण से जुड़ा है। आरोप है कि BDO ने निर्माण कार्य रोकने की धमकी देकर ठेकेदार से मोटी रकम की मांग की। स्कूल की दीवारें खड़ी होने से पहले ही साहब की जेब भरने की तैयारी थी।
लेकिन पर्दाफाश की नजर से यह खेल ज्यादा दिन छुपा नहीं रह सका। शिकायत निगरानी विभाग तक पहुंची और पूरी प्लानिंग के साथ जाल बिछाया गया। जैसे ही 50 हजार रुपये की गड्डी हाथ में आई, वैसे ही साहब की कुर्सी हिल गई और रिश्वतखोरी की पोल खुल गई।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस पैसे से बच्चों का भविष्य बनना था, वही पैसा अफसरों की जेब में जा रहा था। अगर निगरानी की दबिश न होती, तो शायद स्कूल बनता… लेकिन सिस्टम की दीवारें और मोटी हो जातीं।
अब जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि
👉 क्या यह पहली रिश्वत थी?
👉 या फिर स्कूल निर्माण की आड़ में लंबे समय से वसूली चल रही थी?
पर्दाफाश पूछता है —
क्या अब भी विकास की योजनाएं फाइलों से निकलकर जमीन पर उतरेंगी, या फिर हर ईंट के साथ एक नोट जुड़ता रहेगा?

