एसबीआई से निकासी कर लौट रही महिला से 50 हजार की छिनतई, बाइक सवार फरार
चतरा में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। दिनदहाड़े शहर के व्यस्त इलाके में एक महिला से 50 हजार रुपये की छिनतई की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, पीड़िता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की मुख्य शाखा से 50 हजार रुपये की निकासी कर अपने भाई के घर झुमड़ा मोहल्ला जा रही थी।
जैसे ही महिला मारवाड़ी मोहल्ला के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने अचानक उसके हाथ से थैला छीन लिया। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही बदमाश तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए। थैले में नकदी के साथ बैंक से संबंधित दस्तावेज भी रखे हुए थे।
घटना के बाद महिला ने शोर मचाया और आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक अपराधी काफी दूर निकल चुके थे। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और महिला को ढांढस बंधाया। बाद में पीड़िता ने थाने में पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बैंक से पैसे निकालने वाले ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं है, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बैंक और उसके आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ाई जाए तथा सीसीटीवी कैमरों की जांच कर अपराधियों की पहचान जल्द से जल्द की जाए।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। वहीं, पीड़िता घटना के बाद सदमे में है और अपने पैसे वापस मिलने की आस लगाए बैठी है।

