🟥 “चार गार्ड, फिर भी 32 लाख की चोरी!” एलआईसी कॉलोनी में दिनदहाड़े सेंध, सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल
महाशिवरात्रि के पावन दिन जब लोग पूजा-पाठ में व्यस्त थे, उसी समय सेक्टर-6 थाना क्षेत्र की सुरक्षित मानी जाने वाली एलआईसी कॉलोनी में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे दिया। जीवन कुटीर के आवास संख्या E-2 का दरवाजा तोड़कर चोर सीधे अलमारी तक पहुंचे और करीब 32 लाख रुपये के जेवरात व 60 हजार नकद समेट ले गए। हैरानी की बात यह है कि कॉलोनी में चार सुरक्षा गार्ड तैनात हैं और एंट्री रजिस्टर भी बनाया जाता है। फिर भी चोर बेखौफ होकर अंदर घुसे और हाथ साफ कर गए।
सूचना तब मिली जब एक पारिवारिक मित्र शादी का कार्ड देने पहुंचे और टूटा ताला देखा। सवाल यह है कि क्या चोरों को घर के खाली होने की पहले से जानकारी थी? या फिर सुरक्षा तंत्र में ही कोई बड़ी चूक हुई? पुलिस फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच कर रही है, लेकिन कॉलोनी की सुरक्षा पर अब बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
🟥 “तीर्थ यात्रा पर परिवार, घर पर चोरों का कब्जा!” शिवरात्रि पर एलआईसी अधिकारी के सूने मकान में महाचोरी
एलआईसी अधिकारी मनीष सहाय 12 फरवरी को पत्नी के साथ मथुरा दर्शन को गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बना लिया। महाशिवरात्रि के दिन दिनदहाड़े हुई इस चोरी ने कॉलोनीवासियों की नींद उड़ा दी है। बेटी अंजलि को जब कोलकाता से फोन पर चोरी की खबर मिली तो वह तुरंत पहुंचीं और देखा कि अलमारी से कीमती जेवरात और नकदी गायब है, जबकि अन्य सामान जस का तस पड़ा है।
यह साफ इशारा करता है कि चोरों को मालूम था कि उन्हें क्या लेना है। सुरक्षा गार्ड का कहना है कि शिवरात्रि की पूजा के कारण एंट्री नहीं हुई, लेकिन यही ढील चोरों के लिए सुनहरा मौका बन गई। अब पुलिस की जांच पर सबकी निगाहें टिकी हैं—क्या चोर पकड़े जाएंगे या यह मामला भी फाइलों में दफन हो जाएगा?


