6🔴 बीच सड़क बनी कुश्ती का अखाड़ा! ‘लेडी डॉन’ बनकर टूटी महिला, फाइनेंस कर्मी की सरेआम पिटाई का VIDEO वायरल
न्यूज पर्दाफाश डेस्क | बिहार
बिहार के बेतिया में शनिवार दोपहर ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसने सड़क को अखाड़ा और मोबाइल को कैमरा बना दिया। काली बाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया सिनेमा के पास बीच सड़क एक महिला अचानक “लेडी डॉन” बन गई और एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी की सरेआम धुनाई कर दी। यह पूरा घटनाक्रम किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब दो बजे एक फाइनेंस कंपनी का कर्मी सड़क पर जा रही एक मोटरसाइकिल को जबरन रोकने लगा। बाइक पर बैठी महिला को यह रवैया नागवार गुजरा। पहले तो दोनों के बीच बहस हुई, फिर गुस्से में आई महिला ने कर्मी का कॉलर पकड़ लिया और सड़क पर ही उसकी पिटाई शुरू कर दी।
कुछ ही पलों में सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीर तमाशबीन बने रहे, किसी ने मोबाइल निकाला तो किसी ने समझाने की कोशिश की। लेकिन महिला का गुस्सा ऐसा फूटा कि फाइनेंस कर्मी खुद को छुड़ाने में नाकाम दिखा। पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया।
न्यूज पर्दाफाश की पड़ताल में सामने आया है कि मामला फाइनेंस वसूली या जबरन बाइक रोकने से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि विवाद की असली वजह क्या थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर फाइनेंस कंपनियों के एजेंट सड़क पर ग्राहकों को रोककर बहस करते हैं, जिससे तनाव की स्थिति बन जाती है। इस बार मामला उल्टा पड़ गया और “वसूली करने वाला” खुद पिटाई का शिकार बन गया।
https://newspardafash.com/bettiah-viral-vi…-became-lady-don/

