खगड़िया में लाठी-डंडे से पीटकर अधेड़ की हत्या, भूमि विवाद में वारदात की आशंका
खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिंगी टोला में लाठी-डंडे से पीट-पीटकर एक अधेड़ की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान पंकज यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, पंकज यादव को गंभीर हालत में इलाज के लिए गोगरी रेफरल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे बेरहमी से पिटाई किए जाने की पुष्टि होती है।
प्राथमिक जांच में भूमि विवाद को हत्या का कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था, जो हिंसक झड़प में बदल गया। घटना की सूचना मिलते ही गोगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

