🟥 पेट्रोल पंप के पीछे चल रहा था नशे का खेल! हजारीबाग में ब्राउन शुगर तस्कर गिरफ्तार, 38.80 ग्राम बरामद
📜 हजारीबाग में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा वार किया है। बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक ब्राउन शुगर तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपी के पास से 38.80 ग्राम ब्राउन शुगर और 10,100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पर्दाफाश को मिली जानकारी के अनुसार, 9 फरवरी 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमरा रेस्ट हाउस के पास पेट्रोल पंप के पीछे ब्राउन शुगर की खुलेआम खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सदर अमित आनंद के नेतृत्व में डीएसपी प्रशांत कुमार की मौजूदगी में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया।
जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और नकदी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह ईचाक क्षेत्र से ब्राउन शुगर लाकर शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर 300 से 500 रुपये में पुड़िया बेचता था।
पुलिस ने आरोपी मो. एजाज (30 वर्ष), पिता मो. उस्मान, निवासी यासिन गली, खिरागांव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में थाना कांड संख्या 46/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21(बी), 22(बी) और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।


